जमशेदपुर पुलिस के हाथ एक बड़ी और अहम सफलता लगी है, जहां समय रहते कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार पुरुष और दो महिला अपराधी शामिल हैं। इन सभी के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी कुख्यात अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़े हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा इलाके में अनिल कुमार नमक व्यक्ति के फार्म हाउस में कुछ अपराधी हथियारों के साथ एकत्र हुए हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाते हुए जाल बिछाया और पूरी तैयारी के साथ छापेमारी की। जैसे ही पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची, वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित शर्मा, अनिल कुमार, भोला कुमार, योगेंद्र कुमार प्रसाद, माया कौर और सीता देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी स्वचालित पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि इनमें से अंकित शर्मा, अनिल कुमार और योगेंद्र कुमार प्रसाद का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और ये पहले भी कई मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जमशेदपुर पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि अपराध की योजना चाहे जितनी भी गोपनीय क्यों न हो, पुलिस की नजर से बचना म
श्किल है।

