सरायकेला, संवाददाता। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने राज्य के स्कूल प्रमाणीकरण (राउंड-1) की रिपोर्ट जारी कर दी है। इस रिपोर्ट में 741 स्कूलों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें से 543 स्कूल सफल हुए जबकि 198 स्कूल असफल पाए गए।


गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज कैटेगरी में बांटे गए स्कूल
सफल स्कूलों को उनके प्रदर्शन के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा गया है। इनमें 49 स्कूल गोल्ड, 467 स्कूल सिल्वर और 27 स्कूल ब्रॉन्ज कैटेगरी में शामिल हुए हैं। वहीं 198 स्कूल तय मानकों पर खरे नहीं उतर सके और उन्हें नॉट क्वालिफाइड सूची में रखा गया।
जिलों का रिपोर्ट कार्ड
रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक 59 स्कूल रांची जिले से सफल हुए। गोड्डा के 48, गिरिडीह के 46, धनबाद के 34 और देवघर व चतरा के 28-28 स्कूल पास हुए। वहीं लातेहार, पाकुड़ और पलामू जैसे जिलों में बहुत कम स्कूल सफलता प्राप्त कर सके।
कैटेगरीवार प्रदर्शन
- सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (CM SoE) : 77 में से 76 स्कूल पास हुए, जिनमें 10 गोल्ड और 66 सिल्वर कैटेगरी में आए।
- पीएम श्री स्कूल (PM SHRI) : 342 में से 246 स्कूल पास हुए। इनमें 27 गोल्ड, 205 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज में शामिल हुए।
- बीएलएवी स्कूल (BLAV) : 322 में से 221 स्कूल पास हुए। इनमें 12 गोल्ड, 196 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज कैटेगरी में रहे।
रिपोर्ट में ताकत और कमज़ोरियां भी
परिषद के निदेशक शशि रंजन ने कहा कि यह रिपोर्ट सिर्फ पास-फेल बताने के लिए नहीं है। इसमें प्रत्येक स्कूल की ताकत और कमज़ोरियां दर्ज की जाएंगी ताकि संस्थानों को अपनी कमियों को सुधारने और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर करने में मदद मिल सके।
सीएम करेंगे सम्मान
सितंबर महीने में राज्यस्तरीय एक बड़ा समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सफल स्कूलों को सर्टिफिकेट और सम्मान प्रदान करेंगे। इसके अलावा, अगले 15 दिनों के भीतर सभी जिलों में छोटे-छोटे समारोह भी आयोजित होंगे, ताकि अधिक से अधिक स्कूलों को प्रोत्साहित किया जा सके।
अभी और दो चरण बाकी
शिक्षा परियोजना परिषद ने साफ किया है कि यह प्रक्रिया केवल पहले चरण की है। राउंड-3 तक यह मूल्यांकन चलेगा और उसके बाद राज्य के सभी स्कूलों का अंतिम मानक तय किया जाएगा।


