पटना :- बिहार सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया और आज ऑनलाइन माध्यम से 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपए सीधे भेजे गए।


इस योजना का लाभ उसी परिवार की महिला को मिलेगा, जिसके घर में कोई सरकारी नौकरी नहीं है और जिसकी स्थायी आय का कोई साधन नहीं है। सरकार चाहती है कि महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल स्वरोजगार शुरू करने में करें।
अब तक 1.11 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं, जिससे यह देश की सबसे बड़ी महिला रोजगार योजना बन चुकी है। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किए जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “पहले योजना का पैसा लाभार्थियों तक पहुंचने से पहले ही लूट लिया जाता था, लेकिन अब जन-धन खातों की वजह से एक-एक रुपया सीधे महिलाओं के अकाउंट में जमा हो रहा है।”


