शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली जमशेदपुर की अग्रणी शिक्षण संस्था, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 8 विद्यार्थियों ने लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ‘दिल्लीवेरी’ (Delhivery) में सफलता का परचम लहराया है। यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित इस विशेष रिक्रूटमेंट ड्राइव में प्रबंधन विभाग के बी.बी.ए और एम्.बी.ए छात्रों ने अपनी प्रतिभा और पेशेवर कौशल का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद, कंपनी ने कुल 8 विद्यार्थियों को ‘ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव’ के महत्वपूर्ण पद के लिए चुना है। चयनित छात्रों को 1.80 लाख रुपये प्रति वर्ष के पैकेज पर नियुक्ति मिली है, और विशेष बात यह है कि इन सभी छात्रों का कार्यस्थल स्वयं जमशेदपुर ही रहेगा, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी प्रसन्नता है।


इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए यूनिवर्सिटी के *कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह* ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलना हमारे छात्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवेरी जैसी प्रतिष्ठित लॉजिस्टिक्स कंपनी में ऑपरेशंस जैसे मुख्य विभाग में चयन होना यह दर्शाता है कि हमारे एमबीए और बीबीए के छात्र उद्योग की बारीकियों को समझने में सक्षम हैं। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की और कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास हमेशा से ही छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर करियर विकल्प देने का रहा है।
वहीं, *कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी* ने विद्यार्थियों की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि प्रबंधन के छात्रों के लिए व्यावहारिक अनुभव अत्यंत आवश्यक है और ‘ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव’ के रूप में यह करियर की एक ठोस शुरुआत है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी का प्लेसमेंट विभाग निरंतर ऐसी कंपनियों को आमंत्रित कर रहा है जो छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक हों। डॉ. पाणी ने इस सफलता के लिए प्रबंधन विभाग के शिक्षकों और प्लेसमेंट टीम के समर्पण की सराहना की। स्थानीय स्तर पर नियुक्ति मिलने से छात्र अब अपने शहर में रहकर ही कॉर्पोरेट जगत के अनुभवों को साझा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में अन्य विभागों के छात्र भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।

