झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष पहुंचे रांची।

Spread the love

रांची:-झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष राजेश ठाकुर शनिवार की दोपहर करीब पौने दो बजे नई दिल्ली से रांची एयरपोर्ट पहुंचे। जहां उनका ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया,उनके साथ सभी चार कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की,जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर भी आए। एयरपोर्ट पर मंत्री बादल पत्रलेख ने इन नेताओं की अगुवाई की। सबको फूल देकर स्वागत किया गया। स्वागत करने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या इतनी अधिक थी कि एयरपोर्ट पर काफी लंबा जाम लग गया। हवाई अड्डे से लेकर कांग्रेस भवन तक उनके स्वागत की पुरजोर तैयारी की गई है। हवाई अड्डे से वे बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, गाड़ीखाना होते हुए मोरहाबादी बापू वाटिका जाएंगे। वहां वे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद कचहरी चौक से होते हुए वे कांग्रेस भवन पहुंचेंगे और स्वागत समारोह में शामिल होंगे।

इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने अपनी टीम के साथ नई दिल्ली में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, महासचिव तारिक अनवर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय से मुलाकात की। सभी राष्ट्रीय नेताओं से उन्होने झारखंड में पार्टी संगठन की मजबूती के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया। सभी नेताओं ने अपने अनुभव से झारखंड कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को उपयोगी सलाह के साथ-साथ अपना पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है। सभी की ये जिम्मेदारी है कि पार्टी द्वारा जनता को किए गए चुनावी वादे को स्थानीय सरकार पूरा करे तथा केंद्र की भाजपानीत सरकार के गलत निर्णय का भी सड़क पर उतरकर विरोध हो। संगठन का विस्तार पंचायत तक हो। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।

जनता के बीच पार्टी को मजबूत करने की जिम्‍मेदारी

कांग्रेस के नए प्रदेश पदाधिकारियों पर पार्टी को जनता के बीच मजबूत करने की अहम जिम्‍मेदारी है। यही कारण है कि समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्‍व देने का प्रयास किया गया है। टीम के समक्ष ऐसे इलाके में पार्टी को दोबारा मजबूत करने की जिम्‍मेदारी है, जहां वर्तमान समय में संगठन पूरी तरह कमजोर हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *