आंदोलन बना हथियार, प्रशासन ने मानी हार: कुलदीप घोषाल चांडिल भेजे गए, सिविल सर्जन हटाए गए

Spread the love

सरायकेला :- झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर JLKM पार्टी ने यह साबित कर दिया कि जब जनता की आवाज बुलंद होती है, तो व्यवस्था को झुकना ही पड़ता है। सरायकेला-खरसावां जिला इकाई के नेतृत्व में JLKM कार्यकर्ताओं ने 26 जून 2025 को जिले के गैरेज चौक से लेकर सिविल सर्जन कार्यालय तक विशाल रैली निकाली और भ्रष्टाचार एवं महिला उत्पीड़न के आरोपी स्वास्थ्यकर्मी कुलदीप कुमार घोषाल के तत्काल स्थानांतरण की मांग की। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार सिन्हा पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी हुई और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा गया। उस समय प्रशासन ने इस मांग को अनसुना कर दिया, लेकिन JLKM के कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो ने इस चुप्पी को चुनौती के रूप में लिया। उन्होंने राज्य के वरीय अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और बताया कि न्यायालय में गंभीर मामलों का सामना कर रहे एक आरोपी को सिविल सर्जन द्वारा लगातार बचाया जा रहा है। नवीन महतो ने स्पष्ट किया कि जब मामला न्यायिक प्रक्रिया में हो, तब विभागीय समितियों के ज़रिए क्लीन चिट देना सीधा-सीधा न्यायालय को प्रभावित करने की कोशिश है। पार्टी के जनदबाव, राजनीतिक हस्तक्षेप और सशक्त अभियान का परिणाम यह हुआ कि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने 8 जुलाई 2025 को दो महत्वपूर्ण अधिसूचनाएं जारी कीं। पहली अधिसूचना में सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार सिन्हा को पदावनत करते हुए जमशेदपुर स्थानांतरित किया गया, जबकि दूसरी अधिसूचना में आरोपी कुलदीप कुमार घोषाल को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। JLKM पार्टी इसे अपने संघर्ष की बड़ी जीत मान रही है। कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो ने साफ कहा कि यह केवल एक शुरुआत है, पार्टी झारखंड के हर जिले में भ्रष्टाचार, प्रशासनिक लापरवाही और महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दों के खिलाफ जन-आंदोलन चलाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी कार्यालय या विभाग में भ्रष्टाचार या अन्याय का सामना करना पड़े तो वे JLKM के कार्यालय या जनता दरबार में पहुंचकर अपनी बात रखें, पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी रहेगी और लोकतांत्रिक ढंग से लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी चेताया कि अब राज्य की जनता जाग चुकी है, और किसी भी प्रकार की अनियमितता को JLKM बर्दाश्त नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *