नवल टाटा हॉकी अकादमी में जिला स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट, डीसीएम सोय और वीएन हाई स्कूल ने जीता खिताब

Spread the love

जमशेदपुर :- नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) ने झारखंड शिक्षा विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट 2025–2026 का सफल आयोजन किया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न स्कूलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

टूर्नामेंट में कुल 4 टीमों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में डीसीएम सोय बीपीएम प्लस 2 हाई स्कूल, बर्मामाइंस ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि आदिवासी प्लस 2 हाई स्कूल, सीतारामडेरा उपविजेता रहा। महिला वर्ग में वीएन प्लस 2 हाई स्कूल, हल्दीपोखर ने खिताब जीता और डीसीएम सोय बीपीएम प्लस 2 हाई स्कूल, बर्मामाइंस उपविजेता स्थान पर रहा।

एनटीएचए ने टूर्नामेंट के दौरान विश्वस्तरीय सुविधाएं, तकनीकी सहयोग और पेशेवर अंपायर उपलब्ध कराए। वरिष्ठ खिलाड़ियों ने अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाते हुए खेल में निष्पक्षता और उच्च मानकों को बनाए रखा।

एनटीएचए के परियोजना निदेशक गुरमीत सिंह राव ने कहा, “हमारा उद्देश्य इस टूर्नामेंट में आने वाले वर्षों में और अधिक स्कूलों को जोड़ना है, ताकि जमीनी स्तर पर हॉकी की पहुंच और व्यापक हो। ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करते हैं।”

यह आयोजन एनटीएचए की झारखंड में हॉकी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को सही अवसर प्रदान करने की निरंतर प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *