उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने फुल ड्रेस परेड का किया निरीक्षण, तिरंगे को दी सलामी

Spread the love

सरायकेला — 79वां स्वतंत्रता दिवस जिले में उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने परेड का निरीक्षण किया और तिरंगे को सलामी दी।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने मुख्य समारोह की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए परेड एवं अन्य तैयारियों से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए।

परेड में जिला सशस्त्र बल की दो टुकड़ियां, सीआरपीएफ की एक टुकड़ी, गृह रक्षा वाहिनी की एक टुकड़ी, केजीबीवी सरायकेला, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय और एन.आर. स्कूल सरायकेला की एक-एक टुकड़ी शामिल रही।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अतिरिक्त और एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मैदान समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल और वाहन पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल सभी दलों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी मिलकर स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्ण और गरिमामय ढंग से मनाएं।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, गोपनीय प्रभारी अनिल टूडू सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *