बरेली : आला हजरत उर्स में पुलिस का एआई प्रयोग, भीड़ प्रबंधन के लिए डीडीएमएस एप बना सहारा

Spread the love

बरेली : तीन दिवसीय आला हजरत उर्स के दौरान इस बार पुलिस ने भीड़ प्रबंधन में आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोबाइल एप और एआई तकनीक का उपयोग किया गया। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा द्वारा तैयार किया गया डायनेमिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम (डीडीएमएस) एप पुलिसिंग का नया हथियार साबित हुआ। इस एप से हर पुलिसकर्मी और भीड़ की लाइव लोकेशन सीधे अधिकारियों के मोबाइल और कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर नजर आ रही थी।

अंशिका वर्मा ने अपनी पूर्व तैनाती के दौरान आईपीएस सोनम कुमार के साथ मिलकर यह एप बनाया था। इस बार एसएसपी अनुराग आर्य ने इसे उर्स में लागू किया। जिले में तैनात सभी पुलिसकर्मियों से लेकर दूसरे जिलों से बुलाए गए स्टाफ का विवरण एप में दर्ज किया गया। इससे ड्यूटी स्थल तक पुलिस बल की खोज आसान हो गई और अफसरों ने उनकी लोकेशन पर निगरानी रखी।

कंट्रोल रूम से हालात पर नजर रखी गई। भीड़ के दौरान अधूरे स्काई वॉक पर चढ़े लोगों को एसएसपी ने तुरंत हटाया, वरना ओवरलोडिंग से बड़ा हादसा हो सकता था। कमिश्नर और एडीजी समेत वरिष्ठ अधिकारी नगर निगम के कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। जरूरत पड़ने पर भीड़ और जाम वाली जगहों पर पुलिस टीम तुरंत भेजी गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि भविष्य में होने वाले आयोजनों में भी इस एप का इस्तेमाल किया जाएगा।

उर्स-ए-रजवी के सफल आयोजन के बाद सर्व सेवा समिति, सिविल डिफेंस वॉर्डन जहीर अहमद, सेवानिवृत्त एडीएम केएल सहगल, अश्वनी ओबेरॉय, मनोज अरोड़ा और सुरेन्द्र त्यागी ने जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने एडीजी जोन रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य की बेहतर प्रबंधन क्षमता की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *