स्वास्थ्य सेवाओं में नई छलांग, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को मिली एमबीबीएस कोर्स की मान्यता

Spread the love

ADITYAPUR :- आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को 100 सीटों वाले एमबीबीएस कोर्स में प्रवेश की मान्यता मिल चुकी है। यह झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि राज्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र को इससे सीधा लाभ मिलेगा।

अक्टूबर 2025 से इस कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स के लिए छात्रों का नामांकन शुरू होगा। शुरुआती सत्र में 100 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराना और साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना है।

अस्पताल की अब तक की उपलब्धियों पर नजर डालें तो यहां 241 डॉक्टर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और 153 से अधिक सफल सर्जरी की जा चुकी हैं। वर्तमान में यह अस्पताल 650 बेड की सुविधा से युक्त है, जिसमें ऑर्थो, जनरल सर्जरी, गायनिक और ईएनटी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं।

इसके अतिरिक्त, अस्पताल में 100 यूनिट स्टोरेज क्षमता वाला ब्लड बैंक भी शुरू किया गया है, जो मरीजों की आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित होगा।

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का लक्ष्य केवल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि शिक्षा और जनसेवा की अलख जगाना भी है। यह पहल झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान मानी जा रही है और आने वाले समय में राज्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *