पटना:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो चुका है, और इसके साथ ही सियासी माहौल गर्माने लगा है। इसी बीच MATRIZE-IANS ओपिनियन पोल के नतीजे सामने आए हैं, जिनमें एनडीए (NDA) को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज पर जनता ने भरोसा जताया है और एक बार फिर एनडीए सरकार बनने की संभावना प्रबल है।


सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 150 से 160 सीटें, जबकि महागठबंधन को 70 से 80 सीटें और अन्य दलों को 9 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। वोट शेयर की बात करें तो एनडीए को 49%, महागठबंधन को 36% और अन्य को 15% वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
एनडीए गठबंधन के भीतर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को 80-85 सीटें, जेडीयू (JDU) को 60-65 सीटें, हम (HAM) को 3-6 सीटें, एलजेपी (रामविलास) को 4-6 सीटें और आरएलएम को 1-2 सीटें मिल सकती हैं।
वहीं महागठबंधन (RJD-led Alliance) की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही है। सर्वे के अनुसार, आरजेडी (RJD) को 60-65 सीटें, कांग्रेस को 7-10 सीटें, CPI-ML को 6-9 सीटें, CPI को 0-1 सीट, CPIM को 0-1 सीट और वीआईपी पार्टी को 2-4 सीटें मिलने का अनुमान है।
चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, बिहार में 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे चरण में 122 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि चुनाव की अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 18 अक्टूबर, और नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तय की गई है।
243 विधानसभा सीटों वाले बिहार में यह चुनाव नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव, दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई मानी जा रही है। एक ओर एनडीए सरकार अपने विकास कार्यों और सुशासन के मुद्दे पर वोट मांग रही है, वहीं महागठबंधन बेरोज़गारी, महंगाई और शिक्षा जैसे मुद्दों पर जनता से समर्थन की अपील कर रहा है।
MATRIZE-IANS सर्वे के मुताबिक, जनता का रुझान इस बार भी नीतीश कुमार और एनडीए गठबंधन की ओर झुका हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे 2025 का बिहार चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है।


