पटना :- बिहार की राजधानी पटना आज एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनी जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेट्रो के परिचालन की औपचारिक शुरुआत की। सीएम ने मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी मेट्रो में सफर किया। उनके साथ राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस शुभारंभ के साथ पटना भी अब देश के चुनिंदा मेट्रो शहरों की सूची में शामिल हो गया है।


पटना मेट्रो के पहले चरण में आईएसबीटी से जीरो माइल तक का किराया 15 रुपए तय किया गया है, जबकि न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक का किराया 30 रुपए होगा। यानी फिलहाल न्यूनतम किराया 15 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये रखा गया है। मेट्रो का संचालन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए हर 20 मिनट पर प्रत्येक स्टेशन से मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। एक दिन में 40 से 42 फेरे चलाने की योजना है।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मेट्रो के हर डिब्बे में 360-डिग्री सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन बटन और माइक्रोफोन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।
पटना मेट्रो की शुरुआत से राजधानी के लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ-साथ तेज़, सस्ती और सुरक्षित यात्रा का नया विकल्प मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि मेट्रो सेवा बिहार के विकास की नई पहचान बनेगी और राज्य के शहरी ढांचे को एक नई दिशा देगी।


