राष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक की खबरों पर रांची जिला प्रशासन का स्पष्टीकरण, स्कूटी सवार व्यक्ति स्पेशल ब्रांच का ही जवान

Spread the love

 

रांची:- रांची में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में कथित चूक को लेकर चल रही खबरों पर रांची जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है। लोक आलोक न्यूज को जानकारी देते हुए रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के कारकेड में स्कूटी सवार के घुसने की खबरें पूरी तरह आधारहीन हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

बीते कुछ समय से सोशल मीडिया और कुछ न्यूज़ चैनलों पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक स्कूटी सवार को सड़क पर चलते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो को राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षा में चूक बताया जा रहा था। 

जिला प्रशासन के अनुसार, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, महामहिम राज्यपाल और माननीय मुख्यमंत्री का मुख्य वाहन काफिला (कारकेड) पहले ही वहां से गुजर चुका था। जिस समय स्कूटी सवार सड़क पर आया, उस वक्त जो वाहन उसके पीछे नजर आ रहे हैं, वे मुख्य कारकेड का हिस्सा नहीं थे, बल्कि कुछ अधिकारियों की गाड़ियां थीं जो बाद में उस मार्ग से गुजर रही थीं।

उपायुक्त ने बताया कि स्कूटी चला रहा व्यक्ति कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि स्पेशल ब्रांच का जवान था, जो सूचना संकलन से संबंधित अपनी ड्यूटी पर तैनात था। मुख्य काफिले के गुजरने के बाद वह अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान किशोरगंज चौक पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोका, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्कूटी सवार ने राष्ट्रपति के मुख्य कारकेड में प्रवेश नहीं किया था और न ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *