सासाराम। बिजली विभाग ने पिछले माह के लिए निर्धारित 55 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध 51 करोड़ रुपये की वसूली करने में सफलता प्राप्त की है। विभाग ने अपने लक्ष्य का लगभग 92 प्रतिशत हिस्सा हासिल कर लिया है। दरअसल राजस्व संग्रह में तेजी के साथ-साथ विभाग अब बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई कर रहा है और अब तक कुल 400 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।विद्युत अधीक्षण अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा हर महीने राजस्व वसूली के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए जाते हैं। इन्हीं लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए फील्ड ऑफिसर और कर्मचारी वसूली अभियान चलाते हैं। पिछले महीने का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है और आगामी महीनों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।राजस्व वसूली के साथ-साथ विभाग बिजली चोरी रोकने के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रहा है। अभियंता ने बताया कि हाल के दिनों में बिजली चोरी के कई मामले सामने आएं, जिसके तहत अब तक 400 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। विभाग का स्पष्ट संदेश है कि अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।विद्युत परीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से ईमानदारी से बिजली का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक घर को 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है, जिसका लाभ उठाएं। सभी उपभोक्ता ऊर्जा की खपत कम करें, ताकि अनावश्यक वित्तीय भार से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा। उपभोक्ता अपने बकाया बिलों का भुगतान समय पर करें और अवैध कनेक्शन से दूर रहें।



