सासाराम। रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत जिगना गांव में शुक्रवार की देर शाम कुछ असामाजिक तत्वों ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता सहित दो कर्मियों पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया है। हमले में कनीय अभियंता विजय शंकर को सर एवं आंख में गंभीर चोट आई है, जबकि जितेंद्र एवं दो अन्य लाइनमैन भी मारपीट में बुरी तरह घायल हुए हैं। हालांकि घटना को लेकर बिजली विभाग की ओर से अबतक शिवसागर थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।घटना के संदर्भ में घायल कनीय अभियंता विजय शंकर ने बताया कि जिगना गांव में शुक्रवार की शाम एक आटा चक्की मिल में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कनीय अभियंता विजय शंकर एवं जितेंद्र को गंभीर चोटें आई है, जबकि दो लाइनमैन मामूली रूप से घायल हुए हैं।वहीं जिगना गांव में असामाजिक तत्वों के हमले से खुद को बचाकर भागे बिजली विभाग के सभी अधिकारियों का सदर अस्पताल सासाराम में इलाज चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं। बिजली विभाग के सभी घायल कर्मियों का बेहतर इलाज किया गया है और जल्द हीं उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।मामले में ग्रामीण एसडीओ उज्ज्वल कुमार ने बताया कि बिजली विभाग की टीम जिगना गाँव में दिलीप कुमार की आट्टा -चक्की मिल में गुप्त सूचना के आधार पर छापमारी करने पहुंची थी।जहाँ कनीय अभियंता विजय शंकर पर मिल मालिक सहित अन्य लोगों ने हमला कर दिया और दो-तीन लाइनमैन भी इस मारपीट में घायल हो गए। फिलहाल सभी घायलों का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है।



