लोक आलोक न्यूज डेस्क:- भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह ने आज अपना 40वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर पत्नी ज्योति सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में पवन सिंह एक युवती के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि आखिर यह ‘मिस्ट्री गर्ल’ कौन है।


वायरल वीडियो में पवन सिंह युवती का हाथ थामकर केक काटते दिखाई देते हैं। इसके बाद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं। जानकारी के अनुसार, वीडियो में नजर आ रही युवती का नाम महिमा सिंह है, जो भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की उभरती अभिनेत्री हैं। महिमा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की रहने वाली हैं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग व म्यूजिक वीडियो से की थी। फिलहाल वह भोजपुरी फिल्मों में सक्रिय हैं और लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि पवन सिंह ने अपना जन्मदिन लखनऊ में मनाया। इसी दिन उनका नया गाना ‘बानी लाइका’ भी रिलीज हुआ है, जिसमें महिमा सिंह उनकी हीरोइन हैं। यह गाना पवन सिंह और शिल्पी राज की आवाज़ में है। सोशल मीडिया पर महिमा सिंह की कई तस्वीरें और रील्स पहले से मौजूद हैं, जिनमें दोनों की केमिस्ट्री को लेकर भी चर्चा होती रही है।
वीडियो में महिमा सिंह की मांग भरी हुई दिखाई दे रही है, जिसे लेकर भी तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह किसी शूटिंग के दौरान किया गया मेकअप है या निजी पार्टी से जुड़ा कोई दृश्य। फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, महिमा सिंह पवन सिंह के साथ अपनी पहली भोजपुरी फिल्म भी कर रही हैं, जिसकी चर्चा बीते साल दिसंबर से ही चल रही है। ऐसे में दोनों की ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है।
उधर, पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बर्थडे वीडियो शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और लिखा कि भगवान आपकी सारी इच्छाएं पूरी करें। गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है। वर्ष 2025 में ज्योति सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला सुर्खियों में रहा था।
फिलहाल, पवन सिंह की बर्थडे पार्टी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं—कोई इसे मस्ती भरा पल बता रहा है, तो कोई इसे पावरस्टार का अलग अंदाज मान रहा है।

