सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला (झारखंड) में कुलसचिव के रूप में डॉ० नीत नयना ने संभाला पदभार शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध एवं प्रशासनिक सुदृढ़ता को मिलेगी नई दिशा

Spread the love

 

सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला (झारखंड) में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल के अंतर्गत डॉ० नीत नयना ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण रहा। विश्वविद्यालय के समस्त संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकगण, कर्मचारियों तथा छात्र–छात्राओं ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए सफल एवं गौरवशाली कार्यकाल की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ० ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने अपने संदेश में कहा कि डॉ० नीत नयना का व्यापक शैक्षणिक, शोधात्मक एवं प्रशासनिक अनुभव विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि डॉ० नीत नयना के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, अनुशासित एवं अकादमिक मूल्यों से समन्वित होगी तथा शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने डॉ० नीत नयना को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में नवाचार, अनुसंधान एवं उत्कृष्टता को सुदृढ़ आधार मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में सोना देवी विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

डॉ० नीत नयना बायोटेक्नोलॉजी विषय की प्रख्यात विदुषी हैं। उनकी विशेषज्ञता विशेष रूप से पादप जैव प्रौद्योगिकी (Plant Biotechnology) के क्षेत्र में रही है। उन्होंने अपने अकादमिक जीवन में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सेमिनारों का आयोजन एवं उनमें सक्रिय सहभागिता की है। साथ ही उन्होंने दर्जनों राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्र एवं प्रतिष्ठित पत्र–पत्रिकाओं में आलेख प्रकाशित किए हैं, जिनके माध्यम से उन्होंने शोध, नवाचार और वैज्ञानिक चिंतन के क्षेत्र में एक आदर्श एवं प्रेरणास्पद प्रतिमान स्थापित किया है।

  • डॉ० नीत नयना का योगदान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। वे छात्र–छात्राओं को शोध, नवाचार एवं व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने हेतु निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग प्रदान करती रही हैं। विश्वविद्यालय परिवार को पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में सोना देवी विश्वविद्यालय शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता एवं शोध उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *