बहरागोड़ा में 227-227 किलो के दो विशाल बम निष्क्रिय, ब्लास्ट के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Spread the love

 

बहरागोड़ा : प्रखंड के पानीपाड़ा नागुडसाईं स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे पिछले कई दिनों से भय का कारण बने शक्तिशाली बमों को आखिरकार सेना ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। मंगलवार को सेना की निगरानी में आए इन बमों को बुधवार (25 मार्च 2026) को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट किया गया।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पानीपाड़ा नागुडसाईं क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया था। प्रशासन द्वारा बम विस्फोट स्थल से करीब 1 किलोमीटर के दायरे में कड़ी नाकाबंदी कर दी गई थी, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

जानकारी के अनुसार, दोनों बमों का वजन लगभग 227-227 किलोग्राम था, जो काफी शक्तिशाली और खतरनाक थे। सेना की टीम ने पहले एक बम को सुरक्षित तरीके से ब्लास्ट किया और करीब एक घंटे बाद दूसरे बम को भी विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया।

बम निष्क्रिय होने के बाद इलाके में राहत का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने “जय श्री राम” के नारे लगाकर अपनी खुशी और राहत का इजहार किया। कई दिनों से दहशत में जी रहे लोगों ने इस कार्रवाई के बाद चैन की सांस ली।

प्रशासन और सेना की इस तत्परता भरी कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।