आदित्यपुर के वास्तु विहार के पास तालाब को अवैध रूप से भरने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की है। लोगों का आरोप है कि जमीन माफिया सरकारी जमीन पर कब्जा कर प्लॉटिंग और निर्माण की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Spread the love

आदित्यपुर :थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट कॉलोनी स्थित वास्तु विहार के पास ईंट भट्ठा के बगल में एक तालाब को ईंट के टुकड़ों से भरने का मामला सामने आया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने अंचल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक कथित दबंग जमीन माफिया द्वारा तालाब को पाटकर प्लॉटिंग करने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वास्तु विहार इलाके में इन दिनों बड़े पैमाने पर सरकारी जमीन की घेराबंदी कर अवैध कब्जा किया जा रहा है, जिससे आम लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

इसी क्रम में कामधेनु अपार्टमेंट के बगल में भी सरकारी जमीन पर एक मैरेज हॉल का निर्माण किया जा रहा है। इस मामले में भी स्थानीय निवासियों ने अंचलाधिकारी से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अविलंब जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सरकारी जमीन और जल स्रोतों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। वहीं, अंचल कार्यालय द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।