Saraikela : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को निर्माणाधीन जयसवाल एंटरप्राइजेज प्लांट में काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. ऊंचाई पर काम कर रहे दो मजदूर अचानक नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई और काम कर रहे अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर करीब 20 फीट ऊंचाई पर निर्माण कार्य में लगे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे जा गिरे। गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान गम्हरिया के नीलडूंगरी निवासी रामू मुर्मू (30) और लखींद्र हांसदा (28) के रूप में हुई है. हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था. साथ काम करने वाले मजदूरों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. ऊंचाई पर काम करने के बावजूद मजदूरों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. मजदूरों का कहना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम होते तो शायद यह हादसा टल सकता था.



