Saraikela: पिछले कई दिनों से कुल्लूपटांगा फीडर मे औसतन 21 घंटे से लेकर 18 घंटे की विद्युत आपूर्ति हो रही है. केईआई केबल द्वारा पिछले वर्षों में 11kv अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य किया गया था, मगर पता नहीं किन कारणों से कुलुपटांगा फीडर का 70% एरिया अभी ओवर हेड सप्लाई द्वारा होता है. ऐसी स्थिति में गर्मी के मौसम में हल्की आंधी पानी होने पर औसतन 2 घंटे से 7 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, जिसके कारण कुल्लूपटांगा फीडर के उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई घरों में इनवर्टर या अन्य दूसरे विकल्प नहीं होने के कारण उनको अंधेरे में घंटे गुजरना पड़ता है. बुधवार को आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने विद्युत जीएम अजीत कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात कर कुल्लूपटांगा फीडर की खामियों को अभिलंब दूर करने का अनुरोध किया. जिस पर विद्युत जीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कल बृहस्पतिवार को प्रातः 11:30 बजे कुल्लूपटांगा फील्डर को लेकर विद्युत कार्यपालक अभियंता एवं अधीनस्थ अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है. विद्युत जीएम की इस त्वरित कार्रवाई पर पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आशा है कि कल की बैठक कल्लूपटांगा फीडर की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा.



