जुगसलाई में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, कई वार्डों में सड़क और आरसीसी नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास

Spread the love

जमशेदपुर :जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित समारोह में शिलापट्ट का अनावरण कर योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम में वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 3, 9, 10 और 11 में आरसीसी नाली, सड़क निर्माण, जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई। इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना है।

स्थानीय निवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए कहा कि योजनाएं पूरी होने के बाद आवागमन में काफी सुविधा होगी। साथ ही बरसात के दौरान जलजमाव और निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। लोगों ने नगर परिषद से इसी तरह विकास कार्य जारी रखने की मांग की।

इस अवसर पर अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद जनसमस्याओं के समाधान और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ सीधे उनके घर तक मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समय पर कार्य पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।