गोठगांव चर्च में चार उपयाजकों का पावन पुरोहिताभिषेक सम्पन्न, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी

Spread the love

महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत पवित्र परिवार पल्ली गोठगांव चर्च प्रांगण में सोमवार को चार उपयाजकों का पावन पुरोहिताभिषेक समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह दिव्य अनुष्ठान बिशप थियोडोर मस्कारेन्हास की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 50 पुरोहित, हजारों धर्मविश्वासी, परिजन एवं विभिन्न पल्ली के श्रद्धालु शामिल हुए।

प्रभु भोज समारोह सुबह 7 बजे पारंपरिक आदिवासी संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आरंभ हुआ। अपने प्रेरणादायी प्रवचन में बिशप थियोडोर मस्कारेन्हास ने पुरोहिताई के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “जो मुझे बल प्रदान करते हैं, मैं उनकी सहायता से सब कुछ कर सकता हूं।” उन्होंने सेवा, नम्रता और ईश्वर व मानवता के प्रति पूर्ण समर्पण का संदेश देते हुए नवअभिषिक्त फादरों से यीशु के समान सच्चे चरवाहे बनने का आह्वान किया, विशेषकर गरीबों और वंचितों की सेवा के लिए।

समारोह में फादर अजित कुजूर (चटकपुर), फादर बीरबल कुजूर (चटकपुर), फादर संजीवन खाखा (हामी) एवं फादर समीर तिग्गा (जरागी कुटूल, गुमला) का पुरोहिताभिषेक सम्पन्न हुआ। हाथों के रखे जाने एवं अभिषेक प्रार्थना के पश्चात उन्हें पुरोहितीय वेशभूषा स्टोल एवं चासुबुल पहनाई गई, जो उनके नए दायित्व का प्रतीक है। इसके बाद नवअभिषिक्त फादरों ने अपने प्रथम मिस्सा बलिदान में भाग लेते हुए अपने माता-पिता, बिशप एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रथम आशीर्वाद प्रदान किया।

पूरे आयोजन को सफल बनाने में गोठगांव पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर अशोक नागेशिया, कैथोलिक सभा, महिला संघ, यूथ संघ एवं समस्त पल्लीवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन फादर दिगेश्वर भोगता ने किया, जबकि कोयर दल का नेतृत्व फादर एवं मदर्स टेरेसा होलीक्रॉस की धर्मबहनों ने किया।

समारोह के दौरान पूरे पल्ली क्षेत्र में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए उपयाजकों को पवित्र वेदी तक पहुंचाया, जहां उनके माता-पिता एवं परिजनों ने उन्हें बिशप थियोडोर मस्कारेन्हास के हाथों पवित्र कलीसिया की सेवा के लिए समर्पित किया।

पवित्र मिस्सा के उपरांत नवअभिषिक्त फादरों एवं बिशप के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह भी अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए तथा सभी नव पुरोहितों को नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रचार अमृत मिंज, कैथोलिक अध्यक्ष प्रभुदास मिंज, महिला संघ की सुमन, पल्ली सिस्टर मुक्ता मिंज, मरतियु कुजूर, अजित पाल कुजूर सहित अनेक धर्मविश्वासियों का सराहनीय योगदान रहा।