सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्वार्टर नंबर एल5/13 में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह को घटनास्थल से हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के शव के पास बैठा मिला। मौके से पुलिस ने एक हथौड़ा और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।


घटना की जानकारी मिलते ही ऋषभ त्रिवेदी और फैज अकरम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घर के अलग-अलग कमरों से तीन शव बरामद किए गए। मृतकों में आरोपी की पत्नी सरिता सिंह, बेटा रविशेक और बेटी सुप्रिया सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है, लेकिन पूछताछ में खुद को मानसिक रूप से बीमार बता रहा है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दिल्ली में रहने वाली आरोपी की बेटी ने सुबह घर पर फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया। बाद में आरोपी की साली और उसका बेटा मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पीछे का दरवाजा खोला और लोगों को वहां से जाने को कहा। उसके शरीर पर खून के निशान देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनाक्रम को रीक्रिएट किया। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

