टाटा स्टील ने पी एन बोस की 171वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद

Spread the love

जमशेदपुर : Tata Steel ने प्रख्यात भूवैज्ञानिक और दूरदर्शी विचारक प्रमथ नाथ बोस की 171वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को स्मृति सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (रॉ मटेरियल्स) संदीप कुमार मुख्य अतिथि तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी ने पी एन बोस को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके औद्योगिक और वैज्ञानिक योगदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1904 में पी एन बोस द्वारा जमशेदजी टाटा को मयूरभंज क्षेत्र में लौह अयस्क भंडार को लेकर लिखा गया पत्र ही आगे चलकर वर्ष 1907 में जमशेदपुर में टाटा स्टील की स्थापना का आधार बना। भूविज्ञान, खनिज अन्वेषण और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी प्रेरणादायी है।

इस अवसर पर पी एन बोस जियोलॉजिकल सेंटर में विशेष व्याख्यान का आयोजन भी किया गया, जिसमें उनके जीवन, वैज्ञानिक सोच और भारत के औद्योगिक विकास में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।

टाटा स्टील ने इस दौरान वैज्ञानिक प्रगति, नवाचार और सतत विकास के प्रति पी एन बोस की दूरदर्शी सोच को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराया।