जमशेदपुर : सामाजिक संस्था “अस्तित्व” के सौजन्य से Trinetram Eye Hospital द्वारा सीएम एसओई बीपीएम हाई स्कूल, बर्मामाइंस में मंगलवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 स्कूली बच्चों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई।


शिविर में त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की टीम ने छात्रों की जांच की, जिसमें ऑप्टोमेट्रिस्ट अनिमा घोष, नर्स कुकुम सिंह एवं दीप्ति सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन संस्था की संस्थापक सदस्य सह सचिव मीरा तिवारी के निर्देश पर जिला अध्यक्ष अन्नू चौबे के नेतृत्व में किया गया।
स्कूल की प्रिंसिपल रंजीता गांधी ने शिविर का शुभारंभ स्वयं नेत्र जांच करवाकर किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग का बच्चों की आंखों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए बच्चों को स्क्रीन टाइम कम करना चाहिए।
अन्नू चौबे ने कहा कि ऑनलाइन क्लास और मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल से कम उम्र में बच्चों की आंखों की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में नेत्र जांच शिविर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी साबित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान त्रिनेत्रम हॉस्पिटल की टीम, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्कूल शिक्षकों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। शिविर को सफल बनाने में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

