ईंधन संकट पर केंद्र सरकार घिरी, परविंदर सिंह बोले— ‘जनता को ज्ञान देना क्रूर मजाक’

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने देशभर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन के कम इस्तेमाल की अपील को जनता के साथ “क्रूर मजाक” करार दिया।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में परविंदर सिंह ने कहा कि एक ओर आम नागरिक, किसान, छात्र और कामकाजी लोग ईंधन संकट से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार समाधान निकालने के बजाय जनता को पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने की सलाह दे रही है। उन्होंने इसे सरकार की प्रशासनिक विफलता और संवेदनहीनता का उदाहरण बताया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवस्था प्रभावित होने से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हो रही है और केंद्र सरकार देश की ऊर्जा सुरक्षा एवं आपूर्ति व्यवस्था संभालने में विफल साबित हुई है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि ईंधन संकट की आशंका के बावजूद समय रहते उचित कदम क्यों नहीं उठाए गए।

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से देशभर में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री की अपील वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में आंदोलन करेगी।