मानव संसाधन विकास संस्थान के तत्वावधान में शिक्षायतन, केरा में आयोजित महिला डिजिटल साक्षरता अभ्यास वर्ग का सफलतापूर्वक समापन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 27 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना तथा मोबाइल, इंटरनेट, डिजिटल भुगतान एवं ऑनलाइन सेवाओं के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल के बुनियादी उपयोग, इंटरनेट सर्च, व्हाट्सएप संचालन, यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
इस अवसर पर डॉ. रंजीत प्रसाद, किशोर प्रसाद, डॉ. सुरुचि कुमारी, मंजूरी हांसदा एवं निकिता मंडल ने प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं सरल तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें डिजिटल माध्यमों का आत्मविश्वास के साथ उपयोग करने की प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम में परेश मंडल, गोपाल महापात्रा, छवि मंडल, तृषा मंडल, नेहा कालिंदी, संगीता पूर्ति, बिरंग गागराई, रायमनी तैसूम, सुष्मिता साहू एवं सोमवारी गोप सहित कई लोग उपस्थित रहे। संस्थान के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

