जमशेदपुर : Jamshedpur के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। अंचल रस्तोगी के घर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।


पीड़ित अंचल रस्तोगी के अनुसार, वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर के पास गए थे। वापस लौटने पर घर के बाहर लगा ताला खुला मिला। अंदर जाने पर देखा कि अलमारी की चाबी बैग से गायब थी और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि करीब 10 लाख रुपये के गहने चोरी हो चुके हैं।
अंचल ने बताया कि वह इस मकान में चार दिन पहले ही किराए पर रहने आए थे, जिससे चोरी की घटना को लेकर संदेह और बढ़ गया है। घटना की सूचना उलीडीह थाना में दी गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी से संपर्क कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है।

