जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। बुधवार को विधायक निधि से बैटरी से चलने वाले डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए छह वाहनों का उद्घाटन किया गया।


इन वाहनों का उद्घाटन जेएनएसी कार्यालय परिसर में नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC)के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी उपस्थित थे।
इन छह बैटरी चालित वाहनों की खरीद पर कुल 14 लाख 70 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। यह झारखंड में पहली बार हुआ है जब डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए बैटरी से चलने वाले वाहनों का उपयोग किया जा रहा है। इस पहल के साथ जमशेदपुर राज्य का पहला शहर बन गया है, जहां अब संकरी गलियों में भी ऐसे वाहन आसानी से पहुंचकर कूड़ा संग्रहण करेंगे।
इस मौके पर विधायक सरयू राय ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व वे कुशीनगर गए थे, जहां उन्होंने बैटरी चालित वाहनों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था देखी थी। उसी से प्रेरित होकर उन्होंने जमशेदपुर में इस व्यवस्था को लागू करने की पहल की। करीब एक वर्ष के प्रयास के बाद यह योजना साकार हो सकी।
उन्होंने कहा कि बैटरी से चलने वाले वाहन न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि इससे पेट्रोल-डीजल की बचत भी होगी। साथ ही, ये वाहन संकरी गलियों में भी आसानी से पहुंच सकते हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
सरयू राय ने अन्य नगरपालिकाओं से भी इस दिशा में पहल करने की अपील करते हुए कहा कि यह व्यवस्था हर दृष्टि से लाभकारी है और भविष्य की आवश्यकता भी।

