नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के दो प्रतिभाशाली कैडेट्स आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय का चयन मेंस अंडर-18 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम में किया गया है। 18 सदस्यीय इस टीम में जगह बनाकर दोनों खिलाड़ियों ने न केवल अकादमी बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है।


यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट काकामिगाहारा, जापान में 29 मई से 6 जून तक आयोजित होगा, जिसमें एशिया की शीर्ष टीमें भाग लेंगी।
दोनों खिलाड़ियों का चयन हाल ही में भोपाल में 15 से 20 मई के बीच आयोजित भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 द्विपक्षीय श्रृंखला के प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इस श्रृंखला में एनटीएचए के तीन खिलाड़ी—आशीष तानी पूर्ति, प्रेमचंद सोय और जयसन कंडुलना—प्रारंभिक 24 सदस्यीय संभावित टीम में शामिल थे। शानदार प्रदर्शन के दम पर आशीष (डिफेंस) और प्रेमचंद (मिडफील्ड) ने अंतिम टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कठिन मुकाबलों में अपनी रणनीतिक समझ और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम उनका चयन है। उन्होंने विश्वास जताया कि जापान में आयोजित इस टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ी भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
जमशेदपुर स्थित एनटीएचए एक आधुनिक हॉकी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में कार्य कर रहा है, जहां उभरती प्रतिभाओं को पेशेवर कोचिंग, खेल विज्ञान और विश्वस्तरीय सुविधाओं के माध्यम से निखारा जा रहा है। यह अकादमी भारतीय हॉकी के लिए भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

