सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 14 युवक धराए, जुर्माना लगाकर छोड़ा गया

Spread the love

सरायकेला (संजीव मेहता) : सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ गुरुवार शाम आदित्यपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 14 युवकों को नशे की हालत में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़ा।

सभी पकड़े गए युवकों को आदित्यपुर थाना लाया गया, जहां उन पर आर्थिक दंड लगाया गया और पीआर बांड भरवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बताया जाता है कि आदित्यपुर के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ युवक शाम होते ही समूह बनाकर सड़क किनारे और सर्विस लेन को ही शराब पीने का अड्डा बना लेते हैं। इस कारण आम लोगों, खासकर महिलाओं और युवतियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नशे की हालत में ये युवक अभद्र टिप्पणियां भी करते हैं, जिससे माहौल असुरक्षित हो जाता है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि ऐसे लोगों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने और अशांति फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।