महुआडांड़ में जेएमएम प्रतिनिधिमंडल की नए डीएसपी पूजा कुमारी से शिष्टाचार भेंट, कानून-व्यवस्था पर हुई अहम चर्चा

Spread the love

महुआडांड़ (लातेहार):
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) महुआडांड़ प्रखंड कमिटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नवपदस्थापित डीएसपी पूजा कुमारी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में जिला संगठन सचिव परवेज आलम, युवा जिला सचिव परवेज आलम, महिला मोर्चा जिला सचिव इग्नेशिया केरकेट्टा, छात्र मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुजूर, प्रखंड अध्यक्ष नवीन तिर्की, प्रखंड सचिव याहिया अंसारी, प्रखंड कोषाध्यक्ष अमरदीप टोप्पो, दयावंती तिर्की तथा समाजसेवी जावेद शौकत शामिल थे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महुआडांड़ क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाया। इसमें नशा मुक्ति अभियान को तेज करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में पुलिस सहयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर डीएसपी पूजा कुमारी ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से रचनात्मक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।