धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने प्रसिद्ध चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों और धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते दुकान का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब सात बजे दुकान से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान संचालक बबलू के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में मिठाइयों, खाद्य सामग्री, फर्नीचर और अन्य सामान सहित करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने आग लगने के पीछे गैस सिलेंडर लीकेज की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दुकान के बाहर बड़े चूल्हों का उपयोग किया जाता था, जो हमेशा खतरे का कारण बना रहता है। लोगों ने यह भी बताया कि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था।
घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी देखी गई। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मानकों की जांच कराने और अवैध रूप से लगाए गए चूल्हों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

