गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब से दोनों के शव बरामद होने के बाद पूरे गांव में शोक और चीख-पुकार का माहौल बन गया।


मृत बच्चियों की पहचान पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियां मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।
रातभर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 6 बजे कुछ बच्चे शौच के लिए तालाब के पास पहुंचे, जहां उन्होंने पानी में शव तैरते देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि भीषण गर्मी के कारण बच्चियां तालाब में नहाने उतरी होंगी, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण डूब गईं। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके यहां कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। लोगों ने तालाब के चारों ओर घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

