विक्रमशिला सेतु पर तीसरा बेली ब्रिज लगभग तैयार, जल्द शुरू हो सकता है छोटे वाहनों का परिचालन

Spread the love

भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर तीसरा और अंतिम बेली ब्रिज लगभग तैयार हो चुका है। पुल का एक स्लैब गंगा में गिरने के बाद यहां मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था का काम तेजी से चल रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, 24 मीटर लंबे तीसरे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग शुक्रवार को होने की संभावना है। इसके बाद तीनों बेली ब्रिज की जांच कर ट्रायल की तारीख तय की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, यदि सब कुछ ठीक रहता है तो 5 जून से छोटे वाहनों का परिचालन शुरू किया जा सकता है। फिलहाल पुल पर वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था लागू रहेगी और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक जारी रहेगी। प्रशासन यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस कैंप लगाने की तैयारी में है।

BRO (Border Roads Organisation) की टीम युद्धस्तर पर काम कर रही है और इंजीनियर लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि 3 मई को विक्रमशिला पुल का 34 मीटर हिस्सा गंगा में समा गया था, जिसके बाद आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई थी। इसके बाद सेना और BRO की मदद से बेली ब्रिज निर्माण कार्य शुरू किया गया था। पहले और दूसरे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग पहले ही हो चुकी है, और अब तीसरे ब्रिज के तैयार होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।