कोलकाता में मरम्मत और पुनर्वास कार्य के चलते विद्यासागर सेतु को रविवार, 31 मई को कुछ घंटों के लिए बंद रखा जाएगा। कोलकाता पुलिस के अनुसार, सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक सेतु पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान पुल से जुड़े सभी रैंप भी बंद रहेंगे।


प्रशासन के मुताबिक, इस अवधि में पुल पर स्टे केबल, होल्डिंग केबल और बेयरिंग बदलने का काम किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने कोलकाता और हावड़ा के बीच यात्रा करने वाले लोगों को पहले से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
यात्रियों के लिए हावड़ा ब्रिज और बाली–निवेदिता सेतु के रास्ते ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है, जिससे वीकेंड पर लोगों को जाम और देरी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने अपील की है कि लोग यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें और आवश्यकता होने पर ही इस मार्ग का उपयोग करें। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सामान्य यातायात बहाल कर दिया जाएगा।

