बिहार के सरकारी अस्पतालों में आयुष दवाओं की किल्लत, पांच महीने से आपूर्ति ठप

Spread the love

पटना में बिहार के करीब 13 हजार सरकारी अस्पतालों में पिछले पांच महीनों से होम्योपैथी, आयुर्वेद और यूनानी (AYUSH) दवाओं की आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। जिला अस्पतालों से लेकर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक इन दवाओं की कमी के कारण मरीजों को इलाज में काफी परेशानी हो रही है।

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते दवाओं की खरीद प्रक्रिया अटक गई है। बीएमएसआईसीएल के माध्यम से खरीद का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इसी वजह से सरकारी अस्पतालों में आयुष चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।

वहीं, कई आयुष चिकित्सकों को मजबूरी में एलोपैथिक दवाएं लिखनी पड़ रही हैं, जिससे मरीजों में असंतोष बढ़ रहा है। प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और जल्द समाधान की मांग की जा रही है।