पोटका के कोवाली पंचायत में PDS अनियमितता का आरोप, चार महीने के राशन वितरण पर उठे सवाल

Spread the love

जमशेदपुर/पोटका: पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में जन वितरण प्रणाली (PDS) को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पंचायत के राशन कार्डधारियों ने डीलर ललिता खंडापातर पर आरोप लगाते हुए उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च माह का राशन अधिकांश लाभुकों को नहीं दिया गया। शिकायत के अनुसार, डीलर ई-पॉश मशीन में फिंगरप्रिंट लेकर केवल पर्ची थमा देता था और अगली बार राशन देने का आश्वासन देकर लाभुकों को लौटा देता था। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह हर महीने अनियमित तरीके से राशन वितरण किया गया और कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान का संचालन बिचौलिया दिलीप खंडापातर द्वारा किया जाता है और लाभुकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, जबकि नामित दुकानदार अक्सर दुकान पर मौजूद नहीं रहता। मामले को लेकर पहले भी प्रखंड विकास पदाधिकारी और आपूर्ति पदाधिकारी को शिकायत दी गई थी। जांच के बाद विभाग द्वारा दुकान को बरखास्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन अब तक लाभुकों को बकाया राशन नहीं मिल पाया है।

ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि चार महीने का बकाया राशन तुरंत उपलब्ध कराया जाए और दोषी पाए जाने पर डीलर का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जाए। साथ ही कोवाली पंचायत में नए जन वितरण प्रणाली दुकानदार की नियुक्ति की भी मांग की गई है। अब ग्रामीणों की नजर जिला प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।