सरायकेला (संजीव मेहता) : आदित्यपुर निवासी पर्यावरणविद अभियंता अमरेश कुमार ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक पार्किंग की समुचित व्यवस्था की मांग की गई है।


ज्ञापन में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के एक महत्वपूर्ण फैसले (Writ Petition (Civil) No. 13029 of 1985, M.C. Mehta vs Union of India, 2 सितंबर 2019) का हवाला देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में पार्किंग प्रबंधन को लेकर दिए गए निर्देशों का पालन आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हाल ही में नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग और सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, जो कि यातायात व्यवस्था के लिए सराहनीय कदम है। लेकिन इसके बाद क्षेत्र में सार्वजनिक पार्किंग की कमी एक बड़ी समस्या बनकर उभर गई है।
अमरेश कुमार ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में लगातार जनसंख्या और वाहनों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप पार्किंग स्थलों का विकास नहीं हुआ है। कई बड़े व्यावसायिक और आवासीय भवनों में भी पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे आम नागरिकों को अपने वाहन खड़ा करने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर लोगों के खिलाफ अतिक्रमण या यातायात नियम उल्लंघन के तहत चालान किया जाता है, जबकि पहले प्रशासन को वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध करानी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सुनियोजित और सुरक्षित सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

