झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद और त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक नई पहल की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत अब आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए थाना या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि पुलिस खुद उनके द्वार तक पहुंचेगी।


इस योजना के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर जनसुनवाई करेंगे और लोगों की शिकायतों को सीधे सुनेंगे। खासतौर पर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों, बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पुलिस द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 4 जून 2026 को सतगांव थाना, 11 जून 2026 को मरकच्चो थाना और 18 जून 2026 को जयनगर थाना में सुबह 11:30 बजे से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारी मौके पर ही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
कोडरमा पुलिस का कहना है कि इस पहल से न केवल लोगों को त्वरित न्याय मिलेगा, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। “कोडरमा पुलिस – सेवा ही लक्ष्य” के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल पुलिस-जनसहभागिता की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

