मनोहरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी गिरने से दो किशोरों की मौत

Spread the love

मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पुराना मनोहरपुर-मनीपुर मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

मृतकों की पहचान 14 वर्षीय वतन लोहार (पुराना मनोहरपुर लोहार टोला) और 18 वर्षीय ओम सांडिल (मनीपुर सांडिल टीला) के रूप में हुई है। दोनों मनोहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर स्कूटी से पुराना मनोहरपुर से मनीपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कल्भट पुलिया के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।