खुंटपानी के पुरुनियाँ गांव में 7 दिनों से बिजली गुल, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

Spread the love

झारखंड : पश्चिमी सिंहभूम जिले के Khuntpani प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ गांव में पिछले करीब सात दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आंधी-तूफान के बाद से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

बिजली बहाल नहीं होने से नाराज ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

बिजली संकट का सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। रात में अंधेरा रहने के कारण छात्र पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, पेयजल और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा बढ़ गया है, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है। रात में लोगों को टॉर्च और मोबाइल की रोशनी के सहारे ही काम चलाना पड़ रहा है।

समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा से शिकायत की, जिसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया।

प्रखंड प्रमुख ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा का लंबे समय तक बाधित रहना गंभीर मामला है और इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।