रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सोमवार को कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पिछले तीन माह से वेतन भुगतान न होने के कारण नर्सिंग और पारा-मेडिकल कर्मचारियों ने निदेशक कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द वेतन जारी करने की मांग उठाई।


प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि लगातार वेतन नहीं मिलने से उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। घर का खर्च चलाना, बच्चों की फीस भरना और बैंक की किस्तें चुकाना मुश्किल हो गया है। इस समस्या से रिम्स के 1500 से अधिक कर्मचारी प्रभावित हैं।
कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि लंबे समय से इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे असंतोष बढ़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि रिम्स में कार्यरत पीजी जूनियर डॉक्टरों को पिछले छह महीने से स्टाइपेंड नहीं मिला है, जिससे वे भी आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं।
हालांकि कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अभी मरीजों की सेवा बाधित नहीं कर रहे हैं, लेकिन यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कर्मचारियों ने रिम्स प्रशासन और राज्य सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

