महुआडांड़ में मंगलवार को डाक बंगला परिसर में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (SIR) के तहत बीएलओ-2 की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अमित जायसवाल और प्रशांत सिंह ने संयुक्त रूप से की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला अध्यक्ष बंशी यादव और मनिका के पूर्व विधायक हरे कृष्ण सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बीएलओ-2 को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर अभियान चलाएं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं का नाम प्राथमिकता से जोड़ें। साथ ही मृत, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाने पर भी जोर दिया गया।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा, “बूथ जीता तो चुनाव जीता, इसलिए कोई भी योग्य मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।” उन्होंने इसे सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
इस दौरान हरे कृष्ण सिंह ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया समझाई, वहीं एसआईआर मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन डेटा एंट्री की भी ट्रेनिंग दी गई। जिला अध्यक्ष बंशी यादव ने आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें बिगन प्रसाद, संजय सोनी, भरत राम, तौसीफ उर्फ जड्डू, रविंद्र ठाकुर, अनिल प्रसाद, अनिल सोनी, कामधेनु कुमार, दिलीप जायसवाल और उदय प्रसाद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ हुआ।

