झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार दोपहर राजहारा रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत चल रही एक लंबी मालगाड़ी के 15 वैगन पटरी से उतर गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को अपलाइन की तीसरी लाइन से रिवर्सिबल लाइन पर डायवर्ट किया जा रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालगाड़ी में तीन इंजन और कुल 116 वैगन जुड़े हुए थे। ट्रेन एसएलसीएस साइडिंग से रवाना होकर केएफटी स्टेशन पार करने के बाद राजहारा स्टेशन के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इंजन संख्या 44438 से गिनती करने पर 18वें वैगन से शुरू होकर कुल 15 वैगन पटरी से उतर गए। दुर्घटना में रेलवे का ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन) पोल और बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे रेलवे के विद्युत ढांचे को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और बरवाडीह से दुर्घटना राहत ट्रेन तथा क्रेन को मौके पर रवाना किया गया। रेलवे इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई है। पटरी से उतरे वैगनों को हटाने और रेल लाइन को जल्द बहाल करने के लिए चार पोकलेन और दो जेसीबी मशीनों की भी मांग की गई है। हादसे के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। बरवाडीह और डेहरी-ऑन-सोन के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 08635 को रद्द कर दिया गया है, जबकि अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई है। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और जल्द से जल्द सामान्य परिचालन बहाल करने के प्रयास जारी हैं।



