Gamharia में क्रॉस लिमिटेड यूनिट-5 के समीप देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण पोल टूटकर पास की बाउंड्री वॉल पर लटक गया। हादसे के बाद पोल में शॉर्ट सर्किट भी हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर उषा मोड़ से प्रभावित क्षेत्र तक बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी गई, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। भीषण गर्मी के बीच बिजली बाधित होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी। बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त पोल को बदलकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने के कार्य में जुटी हुई है। घटना के समय तक मरम्मत कार्य जारी था।

