सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बैठक, मतदाता सूची सुधार पर जोर

Spread the love

सरायकेला के सभागार में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित वितरण पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त जैवरधन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ सरायकेला अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मतदाता का नाम सही बूथ और निर्वाचन सूची से पूरी तरह लिंक होना आवश्यक है।

उपायुक्त ने कहा कि SIR केवल निर्वाचन विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आम जनता को इस प्रक्रिया, उद्देश्य और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जागरूक करें।

बैठक में BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) और BLA (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर BLA की तैनाती सुनिश्चित करने और 10 जून 2026 तक सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही दावा-आपत्ति प्रक्रिया, दस्तावेजों की जानकारी और 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अनुसार 20 जून से 29 जून 2026 तक प्रशिक्षण, 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर सत्यापन, 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट सूची प्रकाशन और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। उपायुक्त ने सभी विभागों, राजनीतिक दलों और नागरिकों से सहयोग की अपील की ताकि जिले की मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाई जा सके।