रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में महाजन टोला में खेलते समय एक साल का मासूम शिवेंद्र केवट लगभग 10 फीट गहरे और बेहद संकरे गड्ढे में गिर गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।


सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर के नेतृत्व में लगभग दो घंटे तक चले इस बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, क्योंकि गड्ढा बहुत संकरा था और सीधे पहुंचना संभव नहीं था।
काफी मशक्कत के बाद टीम ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मासूम के बाहर आते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया और किसी भी गंभीर चोट से इनकार किया।
पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से यह बड़ा हादसा टल गया। समय रहते की गई कार्रवाई से मासूम की जान बच गई, जिसकी स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।

