सरकारी शिक्षक की निर्मम हत्या से सनसनी, पैर बांधकर रेलवे ट्रैक पर फेंका शव

Spread the love

गयाजी : जिले के बेलागंज इलाके में एक सरकारी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। बेलागंज और चाकंद रेलवे स्टेशन के बीच शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब दो बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद खैरूउद्दीन के रूप में हुई है। वह सरकारी शिक्षक थे और नगर निगम वार्ड संख्या 48 के पठान टोली स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, शव मिलने के समय उनके दोनों पैर गमछे से बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है, लेकिन हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।